
फाजिलनगर(कुशीनगर) | भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 22 जुलाई को प्रस्तावित विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में मंगलवार को फाजिलनगर कस्बे स्थित संस्कार सेंट्रल एकेडमी में भाजपा पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें सम्मेलन की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका बूथ संगठन है। बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ हैं और उन्हीं की मेहनत से संगठन हर चुनाव में सफलता का नया इतिहास रचता है। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के साथ कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।फाजिलनगर विधायक सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि भाजपा की जीत का मूल आधार मजबूत बूथ संगठन है। सम्मेलन में प्रत्येक बूथ अध्यक्ष की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन और सरकार दोनों मजबूत होंगे।
भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पशुपतिनाथ जायसवाल ने कहा कि 22 जुलाई का सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के उत्साह, अनुशासन और एकजुटता का प्रदर्शन होगा। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को सम्मेलन से जोड़कर संगठन को नई ऊर्जा देने का लक्ष्य है।जिला मंत्री कन्हैया शर्मा ने कहा कि सम्मेलन की सफलता के लिए बूथ स्तर तक व्यापक संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर प्रत्येक बूथ अध्यक्ष की उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि फाजिलनगर विधानसभा का सम्मेलन पूरे जिले के लिए मिसाल बन सके।बैठक में पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिवाकर मणि त्रिपाठी, रामबृक्ष गिरी सहित अन्य नेताओं ने भी संगठन की मजबूती पर जोर दिया। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।बैठक की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन अखिलेश शुक्ला ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अमलेश तिवारी, अंजेश भारती, शेषनाथ मिश्रा, महेंद्र शर्मा, अभिषेक तिवारी, धर्मेंद्र प्रसाद, दुर्गेश सिंह, लल्लन कुशवाहा, विपिन सिंह, राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



