सिधावें–सोहसा मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर युवाओं का प्रदर्शन, जर्जर सड़क पर जताया आक्रोश।

रामकोला (कुशीनगर)। टेकुआटार–मथौली मार्ग पर स्थित सिधावें से सोहसा तक की जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर युवाओं ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने जल्द सड़क की मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क परसौना खुर्द, अंजही, बनकटा और परवरपार समेत कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। लंबे समय से सड़क बदहाल होने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग घायल भी हो चुके हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क का निर्माण पहले प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत कराया गया था। बाद में इसे दो हिस्सों में विभाजित कर अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से निर्माण कराया गया। पुनर्निर्माण के दौरान परवरपार से अंजही तक तथा परसौना खुर्द से सिधावें तक का कार्य तो कराया गया, लेकिन अंजही से परसौना खुर्द तक का हिस्सा छोड़ दिया गया। यही भाग अब सबसे अधिक जर्जर हो चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। वर्ष 2025 में अवर अभियंता ने शिकायत के निस्तारण में मौसम अनुकूल होने पर निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया था। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आखिर सड़क की मरम्मत कब होगी। प्रदर्शन में आशू सिद्दीकी, खुर्शीद, रहमान, भोला गुप्ता, विमल सिंह, मिथिलेश सिंह, मोती, रऊफ, लहबर यादव, विजय प्रताप चौरसिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button