
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में लाल किला ब्लास्ट मामले में आरोप तय करने को लेकर सुनवाई हुई। आरोपी डॉक्टर मुजम्मिल शकील और डॉक्टर शाहीन सईद की ओर से बचाव पक्ष की दलीलें पूरी हो गई हैं। दोनों ने ब्लास्ट में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है।
दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया जारी है। शनिवार को राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष NIA अदालत में आरोपी डॉक्टर मुजम्मिल शकील और डॉक्टर शाहीन सईद की ओर से दलीलें रखी गईं। बचाव पक्ष ने अदालत में कहा कि दोनों का ब्लास्ट से कोई संबंध नहीं है और न ही उनके खिलाफ साजिश में शामिल होने का कोई सबूत मौजूद है।
अदालत में अब 17 नवंबर को दूसरे आरोपी शोएब की ओर से दलीलें पेश की जाएंगी। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा की अदालत में बंद कमरे में हुई।
बचाव पक्ष ने कार खरीदने में भूमिका से किया इनकार
डॉक्टर मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद के वकीलों ने दलील दी कि दोनों का ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई कार की खरीद से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी दूसरे आरोपियों के साथ किसी तरह की बातचीत या संपर्क का प्रमाण नहीं है।
बचाव पक्ष ने मुजम्मिल शकील की गिरफ्तारी की तारीख और CCTV फुटेज का हवाला देते हुए NIA के आरोपों पर सवाल उठाए। वकीलों के मुताबिक, ब्लास्ट से जुड़े CCTV फुटेज में मुजम्मिल दिखाई नहीं दिए, जबकि उमर उन नबी, आमिर राशिद और जसीर बिलाल वानी नजर आए थे।
शाहीन की गिरफ्तारी को लेकर भी उठाए सवाल
बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि डॉक्टर शाहीन सईद को 9 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया था। वकीलों ने सवाल उठाया कि क्या ब्लास्ट की साजिश में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों को मुजम्मिल की गिरफ्तारी की जानकारी थी। उन्होंने दोनों आरोपियों के कथित साजिश से जुड़े होने के दावे को चुनौती दी।
NIA ने 11 लोगों पर लगाए आरोप
इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 11 लोगों के खिलाफ आरोप लगाए हैं। इनमें उमर उन नबी भी शामिल था, जिसकी ब्लास्ट में मौत हो गई थी। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई है।
NIA की ओर से अदालत में दलील दी गई कि आरोप तय करने और आरोपियों के बीच कथित साजिश को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। वहीं, बचाव पक्ष ने सभी आरोपों को खारिज किया है।
अब 17 नवंबर को दूसरे आरोपी की ओर से दलीलें रखी जाएंगी। इसके बाद अदालत आरोप तय करने के मामले में आगे की सुनवाई करेगी।



