NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में छात्र विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे हैं। हालांकि मुंबई पुलिस ने ऐसे विरोध-प्रदर्शनों पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। इसके बावजूद शहर के अलग-अलग हिस्सों में सैकड़ों छात्र रोजाना सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हुए विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को मुंबई में छात्रों ने एक बार फिर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बिना इजाजत प्रदर्शन करने पर छात्रों को हिरासत में लिया और पुलिस की गाड़ी में बिठाया। लेकिन एक युवती मजबूती से गाड़ी के सामने खड़ी हो गई, जिससे पुलिस को गाड़ी रोकनी पड़ी। जब यह नजारा पूरे देश में चर्चा का विषय बना, तो उस युवती के बारे में जानकारी सामने आई। मुंबई की जिस युवती ने पुलिस की गाड़ी को रोका, उनका नाम रिया अहीर है। रिया के इंस्टाग्राम बायो के अनुसार वह पेशे से एक एक्ट्रेस और मॉडल हैं। इंस्टाग्राम पर उसके करीब एक लाख फॉलोअर्स हैं और वह म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी है। वह ‘दिलबरा’ म्यूजिक वीडियो में भी दिखी थी। पिछले कुछ दिनों से छात्रों के विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रही हैं। बुधवार को जब मुंबई पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। रिया के पुलिस की गाड़ी रोकने के लिए आगे आने के बाद, आस-पास मौजूद अन्य लोग भी आगे आए और सभी सड़कों पर उतर आए।



