
कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह ने थाना जटहां बाजार का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं तथा पुलिस कर्मियों की कार्यशैली का व्यापक मूल्यांकन करना रहा।निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने थाना कार्यालय में संधारित विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मालखाना, थाना समाधान रजिस्टर, तहसील दिवस रजिस्टर, महिला उत्पीड़न रजिस्टर, नियुक्ति एवं ड्यूटी रजिस्टर, जनशिकायत रजिस्टर तथा मिशन शक्ति केंद्र रजिस्टर की गहन जांच करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर, बैरक, भोजनालय तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई को उच्च स्तर पर बनाए रखने, कार्यालयीन अनुशासन का पालन करने तथा बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित थाना परिसर पुलिस की कार्यकुशलता के साथ-साथ जनता के बीच सकारात्मक संदेश भी देता है।निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस पर कार्यरत पुलिसकर्मियों से ऑनलाइन अभिलेखों के संधारण, सीसीटीएनएस प्रणाली तथा आईजीआरएस से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा तकनीकी प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया।



