अंकित बने कमर्शियल पायलट; गांव में खुशी की लहर

कसया, कुशीनगर। कहते हैं कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने का संकल्प मजबूत हो, तो कठिन से कठिन मंजिल भी आसान हो जाती है। इसका जीवंत उदाहरण कसया विकासखंड के ग्राम पंचायत कुड़वा उर्फ दिलीप नगर के होनहार युवक अंकित कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया है। बचपन से पायलट बनने का सपना संजोए अंकित ने अपनी लगन, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर कमर्शियल पायलट बनने का सपना साकार कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्राम पंचायत कुड़वा उर्फ दिलीप नगर के कुंवर टोला निवासी अरविंद कुमार सिंह एवं सीमा सिंह के पुत्र अंकित कुमार सिंह ने प्रारंभिक शिक्षा के बाद महाराष्ट्र से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाते हुए गुजरात के भावनगर स्थित दून्स एविएशन अकादमी में पायलट प्रशिक्षण प्राप्त किया। कठिन प्रशिक्षण और सभी आवश्यक परीक्षाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें फाइनल पायलट लाइसेंस प्राप्त हो गया।

अंकित की इस सफलता पर उनके परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में हर्ष का वातावरण है। ग्रामीणों का कहना है कि अंकित ने न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।

अंकित के पायलट बनने पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बधाई देने वालों में कामोद सिंह, ऐनुल हक, सोनू सिंह, अयूब हसन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। सभी ने आशा व्यक्त की कि अंकित भविष्य में नई ऊंचाइयों को छूते हुए जिले और प्रदेश का नाम देश-विदेश में रोशन करेंगे।

Related Articles

Back to top button