रामनगर पुलिस ने शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क पकड़ा, ट्रक से 5 लाख की अवैध व्हिस्की बरामद

102 पेटी और 320 शीशी अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, एस्कॉर्ट कर रही किया सेल्टोस कार भी जब्त

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की रामनगर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ट्रक से 102 पेटी और 320 अतिरिक्त शीशियों सहित कुल 5,216 शीशी (180 एमएल) अवैध अंग्रेजी व्हिस्की बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और एस्कॉर्ट कर रही एक किया सेल्टोस कार भी जब्त कर ली गई।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को नेशनल हाईवे-19 पर ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पानीपत से वाराणसी होते हुए बिहार ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप एक ट्रक में मौजूद है। सूचना के आधार पर ढुंढीराज पुलिया के पास बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में 999 ब्रांड की अंग्रेजी व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक के आगे-आगे चलकर उसे पास कराने वाली किया सेल्टोस कार को भी कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद (सोनीपत, हरियाणा), सोमवीर जोगी (पानीपत, हरियाणा) और मिथुन बंसल (इंदिरापुरम, गाजियाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रामनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने और अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप किस नेटवर्क के माध्यम से बिहार भेजी जा रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button