कसया, कुशीनगर। कसया नगर स्थित चित्रतुली गली के हरे कृष्ण हरे राम मंदिर से मंगलवार को भगवान जगन्नाथ पुरी धाम की धार्मिक यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था तीन बसों से रवाना हुआ। भाजपा नेता ओमप्रकाश जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान नगरवासियों ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
हरे कृष्ण हरे राम मंदिर के महंत गोविंद दास जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता ओमप्रकाश जायसवाल ने कहा कि भगवान जगन्नाथ पुरी धाम की यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अटूट संगम है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के लिए मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ सभी भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखें। महंत गोविंद दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए उनके सुखद एवं सफल दर्शन की कामना की तथा विश्व शांति, मानव कल्याण और समाज में सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर सभासद राजेश मद्धेशिया, राजन जायसवाल, उमेश चंद गुप्ता, सभासद पवन जायसवाल, राजेश जायसवाल, भीम बाबू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालु जय जगन्नाथ और हरि नाम संकीर्तन के बीच उत्साहपूर्वक पुरी धाम की पावन यात्रा पर रवाना हुए।



