वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में 17 जुलाई को 27.327 किलोग्राम चांदी की बटिया लूटने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूट की चार किलोग्राम चांदी, 15,020 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को सुड़िया स्थित हेमा ज्वेलर्स के कर्मचारियों से गोविंदपुरा मोड़ के पास करीब 27 किलो 327 ग्राम चांदी की 26 बटिया लूट ली गई थी। इस मामले में चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा जांच कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
सोमवार देर रात सूचना मिली कि दोनों आरोपी भेलूपुर की ओर से लंका क्षेत्र की तरफ भाग रहे हैं। चौक पुलिस, लंका पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लौटूबीर पुलिया के आगे सर्विस रोड पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन (55) और नर्मदापुरम निवासी माशाअल्लाह (40) के रूप में हुई है। तलाशी में उनके कब्जे से लूट की चार किलोग्राम चांदी की चार बटिया, 15,020 रुपये नकद, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद हुए।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन पर वाराणसी के अलावा जयपुर और दिल्ली में भी धोखाधड़ी, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चौक थाना, लंका थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर लूट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।



