नई दिल्ली। बांग्लादेश की ओर से जताई गई आपत्तियों के बीच भारत ने स्पष्ट किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रस्तावित मीडिया कार्यक्रम से भारत सरकार का कोई संबंध नहीं है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि यह कार्यक्रम एक निजी मीडिया संस्था द्वारा आयोजित किया जा रहा है और सरकार किसी भी रूप में इसका हिस्सा नहीं है।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए जाने वाले विचारों का भारत सरकार समर्थन या अनुमोदन नहीं करती। मंत्रालय के अनुसार यह पूरी तरह एक निजी आयोजन है, इसलिए इसे सरकारी पहल के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
दरअसल, बांग्लादेश ने इस कार्यक्रम को लेकर भारत से आधिकारिक रुख स्पष्ट करने का अनुरोध किया था। साथ ही उसने राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अपनी चिंता भी व्यक्त की थी।
शेख हसीना 5 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से संबोधित करने वाली हैं। वर्ष 2024 में सत्ता से हटने के बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक मीडिया उपस्थिति मानी जा रही है। इस घटनाक्रम के बीच दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संवेदनशीलता बढ़ी हुई है, हालांकि भारत ने दोहराया है कि यह पूरी तरह निजी आयोजन है।



