सीतापुर। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के मातिनपुरवा गांव के पास मंगलवार देर रात एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े पुराने विवाद का सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बदलू राठौर और उसके छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार बेलामऊ गांव निवासी विजय विक्रम (48) मंगलवार देर रात किसी काम से निकले थे। इसी दौरान मातिनपुरवा मार्ग के पास उन्हें घेरकर गोली मार दी गई। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर एसपी अंकुर अग्रवाल अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम समेत भारी पुलिस बल ने मौके पर
पहुंच कर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।
मृतक के परिजनों ने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बदलू राठौर पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब एक वर्ष पहले बदलू राठौर की पुत्री का विवाह लखीमपुर खीरी निवासी युवक से हुआ था। लगभग छह माह पूर्व बदलू की पुत्री, विजय विक्रम के पुत्र के साथ चली गई थी। बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। इसी घटना को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव और विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार मंगलवार देर रात विजय विक्रम के अकेले मिलने पर बदलू राठौर और उसके छोटे भाई ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने देर रात ही
दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।



