वाराणसी। भेलूपुर पुलिस ने फर्जी और कूटरचित जमीन के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर 16.62 करोड़ रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी करने के आरोप में वांछित अभियुक्त को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी को रविवार को करीब 1:15 बजे कोलकाता के लिटन होटल, सडर स्ट्रीट से हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ भेलूपुर थाने में वर्ष 2025 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान डॉ. अमित कुमार सिंह यादव (54) पुत्र स्व. झगरू राम यादव, निवासी बी-147 न्यू नारायण नगर, रविंद्रपल्ली, इंद्रानगर, थाना गाजीपुर, लखनऊ के रूप में हुई है।
जमीन के फर्जी दस्तावेज दिखाकर लिए रुपये
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसके साथियों पर जमीन के फर्जी व कूटरचित दस्तावेज दिखाकर शिकायतकर्ता से धोखाधड़ीपूर्वक 16 करोड़ 62 लाख 49 हजार रुपये हड़पने का आरोप है। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
इस मामले में भेलूपुर थाने में मु0अ0सं0 0485/2025 के तहत बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 और 351(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर और प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, उपनिरीक्षक नवीन कुमार चतुर्वेदी, कांस्टेबल अश्वनी (सर्विलांस सेल) और कांस्टेबल विराट सिंह (साइबर सेल) शामिल रहे।



