पडरौना में निकाली गई भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

कुशीनगर । जिला प्रशासन के सहयोग से पडरौना नगर स्थित महाराणा प्रताप चौक से उच्च माध्यमिक विद्यालय तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में जनप्रतिनिधियों के साथ स्कूली एवं मदरसे के बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया।

तिरंगा रैली के दौरान स्कूली एवं मदरसे के बच्चों द्वारा पूरे उत्साह के साथ लगातार देशभक्ति के नारे लगाए गए। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे बच्चों एवं नागरिकों से पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के उल्लास से सराबोर रहा। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। रैली का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। रैली के दौरान लोगों ने उत्साहपूर्वक भारत माता की जय” एवं वंदे मातरम के नारे लगाए गए। रैली में सांसद विजय कुमार दुबे, पड़रौना के विधायक मनीष जायसवाल, खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडेय, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा, रामकोला के विधायक विनय कुमार,  फ़ाज़िलनगर के विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा व अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने  रैली में सहभागिता की । इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button