फतेहपुर-बाराबंकी। क्षेत्र के गांव सददीपुर सिहाली नहर पटरी पर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, थाना देवां क्षेत्र के गांव बिराहिम मजरे मोहनगंज निवासी अमरेश पुत्र अरविंद कुमार गुरुवार को सुबह अपने घर से पैदल निकला था। इसके बाद वह घर लौटकर नहीं आया। बताते हैं कि काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। वही मृतक के पिता की मौत कुछ वर्ष पूर्व में हो गई थी। इसके बाद इसकी मां ने क्षेत्र के गांव कादिराबाद में दूसरी शादी कर ली। शुक्रवार दोपहर क्षेत्रीय लोगों ने इसकी मां को जानकारी दी कि तुम्हारा कोई रिश्तेदार मरणासन्न की हालत में नहर पटरी पर पड़ा हुआ है। और संभवतः उसकी मौत हो चुकी है। मौके पर पहुंची बदहवास मां ने युवक की पहचान अपने बेटे अमरेश रूप में की। रोते बिलखते घटना की जानकारी मां ने अपनी बहू जय देवी को दी। अमरेश की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी जय देवी, आठ वर्षीय पुत्र आशीष कुमार व दो वर्षीय मासूम अयांश का रो-रो कर बुरा हाल है। इस संबंध में कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया, परिजनों के कथनानुसार मृतक को मिर्गी की बीमारी थी और वह नशे का भी आदी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद विधिक व आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



