इटावा। थाना क्षेत्र के चंदेठी गांव में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, 2.31 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त लाल रंग की स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश मृतका मंजू के पति सत्येंद्र उर्फ करिया ने रची थी। पत्नी को भरण-पोषण के लिए सात हजार रुपये प्रतिमाह देने के न्यायालय के आदेश से वह नाराज था। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मुकेश यादव ने हत्या की पूरी कहानी बताई।
नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर किया बेहोश
पुलिस के मुताबिक मुकेश यादव की मुलाकात सत्येंद्र से इटावा न्यायालय में पेशी के दौरान हुई थी। दोनों के बीच मंजू और उसकी मां को रास्ते से हटाने की योजना बनी। 15 अगस्त को मुकेश तीन छोटी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लेकर चंदेठी पहुंचा। इनमें दो बोतलों में नशीला पदार्थ मिलाया गया था। उसने मंजू और उसकी मां को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। दोनों के बेहोश होने के बाद सत्येंद्र घर के पीछे के दरवाजे से अंदर पहुंचा।
दुपट्टे से बांधे हाथ-पैर, फिर गला रेता

पुलिस पूछताछ में मुकेश ने बताया कि सत्येंद्र अपने साथ चाकू और चार-पांच दुपट्टे लेकर आया था। दोनों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद सत्येंद्र ने चाकू से उसकी हत्या कर दी। वहीं घर में मौजूद दरांती से मंजू का भी गला काट दिया गया। वारदात के बाद सत्येंद्र ने मुकेश को फरारी काटने के लिए 2.50 लाख रुपये दिए और वहां से भाग गया।
चार घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस
17 अगस्त की सुबह दो महिलाओं के शव मिलने की सूचना पर एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और भरथना थाना पुलिस की टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के दौरान पुलिस को मुकेश यादव के बारे में जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार मुकेश जारपुरा से साम्हों की ओर लाल स्कूटी से जा रहा था। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने स्कूटी मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
दो दिन से बंद था घर, दूध देने पहुंचे युवक ने देखा खून

ग्रामीणों के अनुसार घर का दरवाजा करीब दो दिन से बंद था। सोमवार सुबह दूध देने पहुंचे युवक ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर ग्रामीणों को सूचना दी गई। गेट के ऊपर लगी जाली से अंदर देखने पर खून दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को घर के आंगन में एक महिला का शव और बरामदे में चारपाई पर दूसरी महिला का शव मिला। पास में धारदार दरांती भी पड़ी थी।
भरण-पोषण विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मंजू और सत्येंद्र के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। तलाक और भरण-पोषण का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। पुलिस के मुताबिक न्यायालय ने हाल ही में सत्येंद्र को पत्नी के भरण-पोषण के लिए सात हजार रुपये प्रतिमाह देने का आदेश दिया था। इसी आदेश से नाराज होकर हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मुकेश यादव निवासी नगला तुला, थाना कुर्रा, जनपद मैनपुरी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी सत्येंद्र की तलाश और हत्याकांड से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट : आशुतोष बाजपेई इटावा



