निर्दलीय विधान परिषद प्रत्याशी डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने इटावा में भरी हुंकार, शिक्षा स्वास्थ्य और बेरोजगारी को लेकर संकल्प पत्र किया जारी

इटावा -आगरा,अलीगढ़,कानपुर क्षेत्र से स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय विधान परिषद प्रत्याशी डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने इटावा पहुंचकर अपने चुनावी अभियान को नई धार दी। जनसभा और प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने शिक्षा, पारदर्शिता, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के रोजगार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

इटावा के सत्यम शिवम मैरिज होम में आयोजित जनसभा में आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय विधान परिषद प्रत्याशी डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ का जोरदार स्वागत किया गया। समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने कहा कि यदि उन्हें जनसमर्थन मिलता है तो शिक्षा और सामाजिक विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित कराने तथा शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक पांच किलोमीटर की परिधि में स्थित किसी विद्यालय में निशुल्क लाइब्रेरी संचालित कराने का संकल्प दोहराया।

उन्होंने महिलाओं और छात्राओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक ब्लॉक और शहरी क्षेत्र में केंद्र स्थापित कर निशुल्क सैनिटरी पैड वितरण मशीन लगाने की बात कही। साथ ही शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार से प्रतिवर्ष पांच हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने की मांग उठाने का भी वादा किया।

डॉ. कुलश्रेष्ठ ने वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले में विज्ञान पार्क स्थापित कराने, शिक्षित वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त अधिकारियों की निगरानी समितियों का गठन करने तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निधि से होने वाले सभी विकास कार्यों और आय-व्यय का पूरा विवरण नियमित रूप से वेबसाइट पर सार्वजनिक किया जाएगा।

अपने संकल्प पत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों के लिए जिला स्तर पर मेडिकल और इंजीनियरिंग शिक्षा की निशुल्क व्यवस्था, वित्तविहीन विद्यालयों में अध्ययनरत आरटीई के विद्यार्थियों को सहायता राशि दिलाने और विधायक निधि का उपयोग केवल शिक्षा के विकास एवं गुणवत्ता सुधार के लिए सुनिश्चित कराने का संकल्प भी दोहराया।

Related Articles

Back to top button