कुशीनगर । संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर काशी स्थित उनकी जन्मस्थली से निकाली गई भव्य कलशयात्रा का आज पडरौना नगर में पहुंचने पर श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। नगर के सुभाष चौक पर नगरपालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल ने पावन कलश एवं यात्रा में शामिल लोगों श्र का पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान पूरा वातावरण संत रविदास के जयकारों और भक्ति भाव से गुंजायमान रहा। सुभाष चौक पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे के महान संदेशवाहक थे । उन्होंने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को जाति-पंथ और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को सर्वोपरि रखने का मार्ग दिखाया। उनकी वाणी आज भी समाज को एकता, सद्भाव और समानता की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली काशी से निकली कलशयात्रा का पडरौना की धरती पर पहुंचना सभी नगरवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। यह यात्रा संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही समाज में समरसता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करने का कार्य कर रही है। स्वागत के उपरांत कलशयात्रा सुभाष चौक से रामकोला रोड होते हुए अंबेडकर नगर, बावली चौक, बंधु छपरा, संत रविदास नगर, हरका चौराहा, मटिहनिया और सिधुवा बाजार पहुंची। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर कलशयात्रा का स्वागत किया। इसके पश्चात कलशयात्रा कठकुइयां मंडल के लक्ष्मीपुर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं एवं आयोजकों द्वारा यात्रा को सम्मानपूर्वक विदा किया गया। पूरी यात्रा के दौरान भाजपा जिलामंत्री विश्वरंजन आनन्द, नगर मण्डल अध्यक्ष भुवनेश्वर त्रिपाठी, अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल, बंका सिंह पटेल, मोहन खरवार,के के पाण्डेय, सभासद अनिल जायसवाल, श्याम साहा,सुशील शर्मा, उदयभान पाण्डेय, ओम प्रकाश कुशवाहा, विजय सोनी, मनोज सिंह, रामु पाण्डेय, सन्नी मिश्रा,सुनील चौहान, अंशु जायसवाल, ब्रजेश शर्मा,अभय सिंह, अभय मारोदिया,अनिल पाण्डेय,अनूप गौड़ ,भास्कर शर्मा, आकाश वर्मा, भास्कर पाठक, राजेश कुशवाहा बबलू मद्धेशिया,विनय पाण्डेय, भरत चौधरी, बबलू शर्मा आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे ।



