आधी रात चाकू की नोक पर घर में घुसे चोर, गृहस्वामी के जागते ही छत से कूदे

70 हजार रुपये समेत आभूषण लूटने का आरोप, पीछा कर ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को दबोचा; दूसरा फरार

फाजिलनगर (कुशीनगर) | थाना क्षेत्र के जंगल शंकरपुर गांव में गुरुवार की आधी रात उस समय अफरा तफरी मच गया, जब घर में घुसे दो अज्ञात युवकों ने चाकू के बल धमकाते हुए नगदी और आभूषण के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। गृहस्वामी के जाग जाने और शोर मचाने पर दोनों आरोपी छत से कूदकर भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए युवक की ग्रामीणों ने पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

गृहस्वामी सद्दाम अंसारी पुत्र अलाउद्दीन अंसारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि वह भोजन करने के बाद घर में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे खटपट की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो देखा कि छत पर सो रही उनकी भगिनी सपना के पास दो युवक मौजूद थे। आरोप है कि दोनों के हाथ में बड़ा चाकू था और वे धमकाते हुए घर में रखे रुपये व गहनों के बारे में जानकारी मांग रहे थे।पीड़ित के मुताबिक, उसकी भगिनी द्वारा रुपये के संबंध में जानकारी दिए जाने के बाद आरोपियों में से एक युवक ने उसकी मां के इलाज के लिए रखे करीब 70 हजार रुपये उठा लिए। इसी दौरान सद्दाम के वहां पहुंचने पर दोनों युवक छत से कूदकर भागने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक की पहचान रुस्तमअंसारीपुत्र समीउल्लाह, निवासी जंगल शंकरपुर, थाना तुर्कपट्टीकेरूप में हुई है।सद्दाम का आरोप है कि पकड़े जाने के दौरान युवक ने उस पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया और ग्रामीणों की मदद से युवक को काबू में कर लिया गया। इसके बाद पुलिस की 112  को सूचना देकर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।बताया गया कि छत से कूदकर भागने के दौरान पकड़े गए युवक के एक पैर में मोच आ गई थी, जिसके चलते वह पुलिस जीप तक लंगड़ाते हुए पहुंचा। ग्रामीणों का दावा है कि उक्त युवक पूर्व में भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।घटना के बाद गांव में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। चाकू के बल पर घर में घुसकर वारदात किए जाने के आरोप से ग्रामीणों में भी दहशत है। फरार आरोपी की तलाश और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button