ट्रांसफार्मर से केबल डालने के विवाद में गोली मारकर अधेड़ की हत्या

घर से अधिया निकालकर किया फायर, पिकअप पर भी बरसाईं गोलियां; जंगल में भागा आरोपी, तलाश में जुटी पुलिस

इटावा । ऊसराहार थाना क्षेत्र के नगला जलाल गांव में रविवार को बिजली के ट्रांसफार्मर से केबल डालने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बाद एक युवक ने 55 वर्षीय अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी फायरिंग की गई। आरोपी घटना के बाद खेतों के रास्ते जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

नगला जलाल निवासी चरण सिंह (55) पुत्र सुघर सिंह का गांव की ही सोनकली के घर के दरवाजे पर लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से केबल डालने को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि चरण सिंह के परिवार की पहले से इसी ट्रांसफार्मर से केबल पड़ी थी। खराबी आने के बाद नई केबल डाली जा रही थी, जिसका दूसरा पक्ष विरोध कर रहा था।

रविवार को इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सोनकली ने फोन कर अपने नाती राजा को मौके पर बुला लिया। राजा बाइक से पहुंचा और घर के अंदर से अवैध अधिया निकाल लाया। इसके बाद उसने घर से ही चरण सिंह पर फायर कर दिया। गोली चरण सिंह की जांघ में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने दूसरी गोली भी चलाई, जो चरण सिंह के ऊपर से निकल गई।

ट्रांसफार्मर से केबल डालने के विवाद में गोली मारकर अधेड़ की हत्या

फायरिंग की आवाज सुनकर चरण सिंह के भाई कायम सिंह और भतीजा बंटू मौके पर पहुंचे। परिजन घायल चरण सिंह को पिकअप में डालकर अस्पताल ले जाने लगे। आरोप है कि आरोपी ने पिकअप पर भी तीन राउंड फायर कर दिए। लगातार हो रही फायरिंग से घबराए परिजन पिकअप छोड़कर जान बचाने के लिए भाग गए।

इधर गोलियों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी खेतों के रास्ते फायरिंग करता हुआ जंगल की ओर भाग गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और खेतों व जंगल में आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

सैफई ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

बाद में परिजन गंभीर रूप से घायल चरण सिंह को सीएचसी सरसईनावर लेकर पहुंचे। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। परिजन उन्हें सैफई लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में चरण सिंह ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

चरण सिंह के पुत्र आशीष ने बताया कि उनके पिता की पहले से ट्रांसफार्मर से केबल पड़ी थी। खराबी आने के कारण नई केबल डाली जा रही थी। इसी मामूली बात को लेकर राजा ने उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी।

प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश सामने नहीं आई है। केबल डालने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी राजा खेतों के रास्ते जंगल की ओर भाग गया है। पुलिस फोर्स उसकी तलाश में जुटी है।

 

रिपोर्ट : आशुतोष बाजपेई इटावा

Related Articles

Back to top button