
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भरोसा जताया है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच मजबूत गठबंधन बनेगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल सीटों के तालमेल की अहमियत समझते हैं और इस दिशा में बातचीत जारी है।
मीडिया से बातचीत में सुप्रिया श्रीनेत ने स्पष्ट किया कि वह खुद सीट बंटवारे की बातचीत में सीधे तौर पर शामिल नहीं हैं। उनके मुताबिक, दोनों दलों के वरिष्ठ और जिम्मेदार नेता इस प्रक्रिया पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीटों का बंटवारा होगा, गठबंधन मजबूत बनेगा और दोनों दल मिलकर सरकार बनाएंगे। सुप्रिया ने यह भी दावा किया कि गठबंधन की बातचीत से विपक्षी खेमे में घबराहट है।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती बातचीत में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 120 सीटों की मांग कर रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस इससे कम सीटों पर सहमत होने को तैयार नहीं है। हालांकि, सीट बंटवारे पर अभी अंतिम सहमति नहीं बन पाई है।
मनोज पांडे ने भी गठबंधन को लेकर जताया भरोसा
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता मनोज पांडे ने भी सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर भरोसा जताया है। रांची में उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है और कौन-सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन टूटा नहीं है और बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।
कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग को लेकर हुई बैठकों में भी चर्चा आगे बढ़ी है। शुरुआती दिन दोनों दलों के बीच करीब 20 मिनट बातचीत हुई थी, जबकि दूसरे दिन बैठक लगभग साढ़े तीन घंटे चली। इसके बावजूद सीटों के बंटवारे पर अब तक अंतिम फैसला नहीं हो सका है।



