सेवरही। कुशीनगर | सेवरही थाने में तैनात उपनिरीक्षक भवानी प्रसाद पांडेय की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह पडरौना डोल मेला में ड्यूटी करने के बाद अपनी मोटरसाइकिल से वापस अपनी तैनाती थाने सेवरही लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दमवतिया बाईपास पर सड़क पर किसी ने गिट्टी, बालू और ईंट गिरा रखी थी। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए और ट्रक का पहिया उनके शरीर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि उनका हेलमेट चकनाचूर हो गया और सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। साथ आए पुलिसकर्मियों ने बताया कि मृतक उपनिरीक्षक मूल रूप से बस्ती जिले के रहने वाले थे। उनका स्वभाव काफी मिलनसार था। घटना की सूचना मिलते ही साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। एक निजी एंबुलेंस चालक ने SI के शव को तुरंत जिला अस्पताल के आपातकालीन कक्ष पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।



