सरायन के बढ़ते जलस्तर से दहशत, 45 घर खाली कराए गए

डीएम ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, दिए निर्देश

सीतापुर । सरायन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से शहर के तरीनपुर और अंसारी टोला मोहल्लों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजगणपति आर ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने बताया कि नदी का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंचने के बाद एहतियातन करीब 45 घरों को खाली कराया गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। लोगों के ठहरने के लिए स्थायी रैन बसेरों, धर्मशालाओं तथा अन्य सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप भी संचालित किए जा रहे हैं।
संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए प्रभावित इलाकों में दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में नदी में ऐसी स्थिति नहीं है कि नाव संचालन की आवश्यकता पड़े, हालांकि प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस दौरान कुछ लोगों द्वारा घरों के प्रपत्र और नक्शे मांगे जाने की चर्चा पर डीएम ने इनकार करते हुए कहा कि फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान बाढ़ की स्थिति और लोगों की सुरक्षा पर केंद्रित है।
सरायन नदी के बढ़ते जलस्तर से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान एडीएम न्यायिक खालिद अंजुम एवं एसडीएम सदर जनार्दन प्रसाद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें

 

 

Related Articles

Back to top button