ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक पीएन पाठक ने अहिरौली स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार पर लटकता मिला ताला , मौके पर मौजूद नहीं मिला कोई चिकित्सक या कर्मचारी

कुशीनगर। अहिरौली बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आज सबेरे करीब नौ बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक औचक निरीक्षण के लिए जा धमके । स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार पर ताला लटका देख विधायक नाराज हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक एवं कर्मचारियों के नियमित रूप से उपस्थित न रहने की शिकायत की।

ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में परेशानी होती है। कई बार मरीजों को उपचार के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तत्काल उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क किया और मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही।विधायक श्री पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने तत्काल मोबाइल फोन पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर उनसे मौके पर पहुंचकर जांच करने तथा ड्यूटी से गायब रहने वेस्ले चिकित्सक एवं गैरकर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के की अपेक्षा की । उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था में लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई करने में विलंब नहीं होना चाहिए ।

दरअसल विधायक श्री पाठक क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे और ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहिरौली बाजार में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायत की । ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद विधायक तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जा धमके । वहां पहुंचने पर स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला और मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ था। केंद्र पर किसी चिकित्सक या कर्मचारी के मौजूद न मिलने पर विधायक ने नाराजगी जताई।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पांच कर्मचारियों की तैनाती बताया जा रहा है। इनमें फार्मासिस्ट ओमप्रकाश सिंह, वार्ड ब्वाय सत्य प्रकाश शर्मा, एलटी पंकज कन्नौजिया, एसएलटी अर्जुन यादव तथा स्टाफ नर्स शिखा कुमारी शामिल हैं। विधायक के निरीक्षण के दौरान इनमें से कोई भी कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था।मामले की जानकारी मिलने के बाद हाटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. अजय सिंह तथा राजस्व निरीक्षक शिव मुरारीलाल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। दोनों ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति और केंद्र बंद होने के कारणों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

 

Related Articles

Back to top button