500 किसानों को विदेशों में उन्नत कृषि तकनीक का प्रशिक्षण दिलाएगी सरकार

चिरईगांव में 58 किसानों को चना, मटर और सरसों के मिनी किट वितरित; UPAGREES परियोजना के तहत किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने पर जोर

वाराणसी। चिरईगांव विकास खंड सभागार में मंगलवार को दलहन एवं तिलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को चना, मटर और सरसों के निशुल्क मिनी किट वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर रहे। इस दौरान 58 किसानों को बीज मिनी किट प्रदान किए गए।

मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि विश्व बैंक से पोषित UPAGREES परियोजना का उद्देश्य कृषि को आधुनिक, उत्पादक और प्रतिस्पर्धी बनाना है। इसके तहत वाराणसी, पूर्वांचल और बुंदेलखंड के 500 किसानों को कृषि क्षेत्र में अग्रणी देशों के भ्रमण पर ले जाकर वहां की उन्नत कृषि तकनीकों और आधुनिक पद्धतियों का अध्ययन कराया जाएगा। किसानों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जा रही तकनीकों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खेती में लागू कर सकें।

कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, समय से बुवाई, संतुलित उर्वरक प्रयोग, फसल प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। तिलहनी फसलों में एनपीएस उर्वरक के प्रयोग पर भी जोर दिया गया।

जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि ई-लॉटरी के माध्यम से जिन किसानों का चना, मटर और सरसों के निशुल्क मिनी किट के लिए चयन हुआ है, वे राजकीय बीज गोदाम से पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त करें और खेत की तैयारी कर समय से बुवाई सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिया सैनी, उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button