दारा सिंह चौहान ने दुदही नगर पंचायत कार्यालय का किया उद्घाटन, विभिन्न विभागों के स्टालों का किया अवलोकन

तमकुहीराज ( कुशीनगर ) | प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने रविवार को नगर पंचायत कार्यालय दुदही के उद्घाटन के बाद विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागों की ओर से संचालित योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी ली। बीएसए अनिल कुमार सिंह व बीईओ रीता गुप्ता की उपस्थिति में प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, विधायक पीएन पाठक, जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय आदि ने पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय पडरौन मडुरही के छात्रों की ओर से प्रस्तुत विज्ञान माडल देखे। छात्रों ने गतिज व स्थितिज ऊर्जा को समझाने के लिए झूला माडल तथा राकेट प्रक्षेपण की प्रक्रिया को प्रदर्शित करने वाला गतिशील माडल प्रस्तुत किया। छात्रों ने माडल के माध्यम से ऊर्जा के रूपांतरण तथा राकेट प्रक्षेपण की प्रक्रिया को सरल ढंग से समझाया। प्रभारी मंत्री ने छात्रों के प्रस्तुतिकरण और उनकी वैज्ञानिक समझ की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ती है और वे विषय को प्रयोग के माध्यम से बेहतर ढंग से समझ पाते हैं। सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रों ने विज्ञान के सिद्धांतों को माडल के माध्यम से सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रयोगात्मक समझ विकसित होती है। विद्यालयों में विद्यार्थियों को ऐसे अवसर लगातार दिए जाने चाहिए। बीएसए अनिल कुमार सिंह ने कहा कि पीएमश्री विद्यालयों में विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ प्रयोगात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऐसे माडल बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच विकसित करने में सहायक हैं। सबने छात्रों द्वारा तैयार किए गए माडलों की सराहना की। प्रभारी मंत्री ने मंच से छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अध्यक्ष उदय सिंह, मंत्री रवि गुप्ता, निशांत विश्वास, सुमित सेंगर, प्राशिसं के अध्यक्ष अरुणेंद्र कुमार राय, उपाध्यक्ष अशोक यादव, शिवशंकर तिवारी, जूशिसं के अध्यक्ष बांकेबिहारी लाल, नूर मोहम्मद, रजनीश गुप्ता, रहमतुल्लाह आदि उपस्थित रहे।

‎

Related Articles

Back to top button