
सेवरही, कुशीनगर। विधानसभा क्षेत्र तमकुहीराज के बेदूपार इंटर कॉलेज में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए बाढ़ पीड़ित परिवारों से सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री मंच से संबोधन के बाद खुद नीचे उतरकर बाढ़ पीड़ित महिलाओं और परिवारों के बीच पहुंचे और उनका हालचाल लिया। महिलाओं ने अपनी परेशानियां बताईं तो मुख्यमंत्री ने उन्हें धैर्य रखने और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है, इसका भरोसा दिलाया।
राहत सामग्री का वितरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। जमीन पर लगी कतार में बाढ़ राहत के सफेद बोरे, प्लास्टिक की बाल्टी, मग, और आलू-प्याज के पैकेट रखे गए थे। हर परिवार को जरूरत के अनुसार पूरी किट दी गई।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सीएम योगी ने मौके पर मौजूद जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित हर परिवार तक राहत पहुंचे, इसमें कोई लापरवाही न हो। साथ ही फसल नुकसान, आवास क्षति और अन्य समस्याओं का शीघ्र सर्वे कर मुआवजा दिलाने की बात कही।
उमड़ी भीड़
इंटर कॉलेज परिसर में सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं जुट गई थीं। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस-प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। महिला पुलिसकर्मियों सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
स्थानीय लोगों में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर काफी उत्साह देखा गया। लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद आकर हालात देख रहे हैं, इससे उन्हें काफी राहत मिली है।



