
खड्डा/कुशीनगर। नारायणी नदी के बढ़े जलस्तर से खड्डा ब्लॉक के नदी उसपार दियारा क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए बुधवार को कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे के नेतृत्व में खड्डा विधायक विवेकानंद पाण्डेय, पड़रौना सदर विधायक मनीष जायसवाल, हाटा विधायक मोहन वर्मा एवं रामकोला विधायक विनय प्रकाश गौड़ ने शिवपुर, हरिहरपुर, नारायनपुर और मरिचहवा गांवों का दौरा किया।
जनप्रतिनिधियों ने करीब 2265 बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राहत सामग्री वितरित की। ग्रामीणों से संवाद के दौरान उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया गया। सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि बाढ़ की कठिन परिस्थिति में प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से पहुंचाने के निर्देश दिए। विधायक विवेकानंद पांडेय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राहत शिविर, भोजन, चिकित्सा, नाव एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की प्राथमिकता है कि संकट की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाई जाए। ग्रामीणों की शिकायत पर ग्राम सभाओं में खराब पड़ी सोलर लाइटों को शीघ्र ठीक कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों एवं फसलों का सर्वे कराकर रिपोर्ट तैयार करने तथा शासन से अनुमन्य सहायता राशि प्रभावित परिवारों तक शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान एसडीएम खड्डा डॉ. संतराज सिंह, क्षेत्राधिकारी खड्डा अजय श्रीवास्तव, तहसीलदार महेश कुमार, मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, संग्राम सिंह यादव, रामानुज मिश्रा, चमन यादव, सुनील प्रजापति, अभिषेक कुशवाहा, हीरामन, नरसिंह प्रसाद, आनंद कुशवाहा, अजय सिंह, विनय सिंह, जितेंद्र सिंह, विकास तिवारी, सौरभ जायसवाल, घनश्याम जायसवाल सहित तहसील एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



