चोरी की तीन घटनाओं का पर्दाफाश, चार आरोपित गिरफ्तार ।

कुबेरस्थान(कुशीनगर) कुबेरस्थान थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 10 बैटरियां, एक घरेलू गैस सिलेंडर और एक प्रिंटर बरामद किया है। मामले में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कुबेरस्थान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अवनीश उर्फ गोलू राय निवासी कोहरवलिया, हरिकेश उर्फ सीटी निवासी प्रानछपरा तथा अभिषेक उर्फ सुकुर गुप्ता और शिवा बासफोर निवासी सिंघलजोड़़ी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपितों के पास से विभिन्न कंपनियों की 10 बैटरियां, एचपी कंपनी का एक घरेलू गैस सिलेंडर और एक प्रिंटर बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने चोरी से संबंधित तीन मुकदमों में कार्रवाई आगे बढ़ाई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित अवनीश उर्फ गोलू राय का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध कुबेरस्थान थाने में वर्ष 2020 और 2022 में विभिन्न धाराओं में चार मुकदमे दर्ज  है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अश्ववनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रमाकान्त सरोज, राकेश कुमार सिंह और अजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button