मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

कप्तानगंज (कुशीनगर)। मिशन शक्ति अभियान के तहत जेपी इंटरमीडिएट कॉलेज, कप्तानगंज की 57 छात्राओं ने थाने का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत द क्रिसेंट स्कूल की छात्रा को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष का कार्य भार ग्रहण कराया गया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने छात्राओं को थाना परिसर का भ्रमण कराया और पुलिस की विभिन्न कार्यप्रणालियों की जानकारी देते हुए महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व समाज में कानून-व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखना है। इसमें महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। छात्राओं को किसी भी विषम परिस्थिति में सजग रहने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के शिक्षक डॉ. चंदन कुमार गौड़ ने पूरी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में बच्चों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। लिंगभेद को समाप्त कर समानता, सहयोग और समरसता की भावना विकसित करने से ही समाज और विश्व की समृद्धि संभव है। प्रधानाचार्य श्रीराम प्रसाद ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित होती है।

इस अवसर पर प्रियान्सी मिश्रा, नाजिया खातून, संगम यादव, सकीना खातून, सहिबुन निशा, सिद्धि यादव, अदिति सिंह, सहित कुल 57 छात्राएं मौजूद रहीं।इसके पूर्व नगर के द क्रिसेंट स्कूल की छात्रा अंशिका सिंह मिशन शक्ति फेज 6 के अंतर्गत एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाया गया था। जहां उन्होंने अपने स्कूल की छात्राओं के साथ पुलिस विभाग की कार्य प्रणाली को समझते हुए विभाग द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर किए गए व्यवस्थाओं की जानकारी हासिल किया।

विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद हसीब व मोहम्मद सबीब ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button