
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना है कि उनकी सरकार ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ जरूरत से ज्यादा सख्ती की है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बड़े पैमाने पर प्रवासियों को देश से बाहर निकालने की नीति का उनकी पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा है। ट्रंप ने यह बातें सीबीएस के चर्चित कार्यक्रम ’60 मिनट्स’ को दिए इंटरव्यू में कहीं।
अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई के लिए मांगे अच्छे अंक
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की सीमा पर अवैध रूप से आने वाले लोगों की संख्या कम करने के लिए उन्हें ‘ए प्लस’ अंक मिलने चाहिए। उन्होंने कहा, “बुरे लोगों को देश से बाहर निकालने के लिए मुझे बहुत अच्छे अंक मिलने चाहिए।”
हालांकि, उन्होंने माना कि बड़े पैमाने पर लोगों को देश से निकालने की नीति से उन्हें राजनीतिक नुकसान हुआ है। ट्रंप के मुताबिक, मंगलवार को हुए मिडटर्म चुनाव में इमिग्रेशन का मुद्दा रिपब्लिकन पार्टी के लिए फायदे और नुकसान दोनों की वजह बना।
सख्त नीति से पीछे नहीं हटेगी ट्रंप सरकार
ट्रंप के इस बयान के बीच अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने स्पष्ट किया है कि सरकार अवैध प्रवासियों के खिलाफ अपनी सख्त नीति जारी रखेगी। विभाग के मुताबिक, इस मामले में प्रशासन अपने रुख से पीछे हटने वाला नहीं है।
वहीं, मिडटर्म चुनाव के दिन हुए सर्वे में इमिग्रेशन मतदाताओं के लिए तीसरा सबसे अहम मुद्दा बनकर सामने आया। इससे साफ है कि अमेरिका में प्रवासन का मुद्दा राजनीतिक रूप से कितना महत्वपूर्ण बना हुआ है।



