2027 में किसके बीच होगी लड़ाई? योगी ने अभी से बता दिया चुनावी गणित

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि अगला विधानसभा चुनाव 80 बनाम 20 की लड़ाई होगा। उन्होंने कहा कि यह अनुपात मतदाताओं और सीटों, दोनों में दिखाई देगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के साथ जेन-जी भी खड़ी है और प्रदेश में लगातार तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (8 नवंबर) को दीपावली के मौके पर एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में 2027 के चुनाव, विपक्ष, विकास और सरकार की उपलब्धियों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुयायी हैं और उनके नेतृत्व व मार्गदर्शन में काम कर रहे हैं। उनका कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं है। सरकार विरासत और विकास की यात्रा को आगे बढ़ा रही है।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना, अयोध्या को लेकर दिया बयान

अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाने के सवाल पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान की नगरी में कोई भी आ सकता है, लेकिन उसे पवित्र भाव से आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख को रामभक्तों पर गोली चलवाने और अयोध्या की उपेक्षा करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।

योगी ने कहा कि राम जन्मभूमि परिसर में महर्षि वाल्मीकि, विश्वामित्र, तुलसीदास, माता शबरी, निषादराज और जटायु को सम्मान दिया गया है, लेकिन अयोध्या में रावण, मारीच, सुबाहु और ताड़का का कोई चिह्न नहीं है। फिर उनके भक्त यहां क्यों आना चाहते हैं? उन्होंने दावा किया कि जनता चुनाव में समाजवादी पार्टी का सफाया करेगी।

अयोध्या से चुनाव लड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या उनके लिए चुनाव का नहीं, बल्कि आस्था का विषय है। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन से गोरक्षपीठ के पुराने जुड़ाव का भी जिक्र किया।

राहुल गांधी और ओवैसी पर भी हमला

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में बहस का सबसे बड़ा मंच संसद है, न कि चौराहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद की कार्यवाही बाधित कर लोकतंत्र का अपमान कर रहे हैं। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी के मुस्लिम मुख्यमंत्री और बुर्के वाली प्रधानमंत्री संबंधी बयान पर योगी ने तंज कसते हुए कहा कि उनकी इच्छा कयामत तक पूरी नहीं होगी।

सपा के पीडीए पर भी मुख्यमंत्री ने हमला बोला। उन्होंने इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ और ‘पराया धन अपना’ बताते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी परिवारवाद की राजनीति करती है।

महिलाओं के लिए जल्द शुरू होगी नई योजना

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए सरकार जल्द एक नई योजना शुरू करने जा रही है। इससे करीब 3.60 करोड़ महिलाएं और उनके परिवार लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के जरिए महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर लगातार काम किया जा रहा है।

9.5 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 से अब तक 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 32 हजार पुलिस कांस्टेबल, 42 हजार होमगार्ड और करीब 25 हजार अन्य पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। सरकार नवंबर-दिसंबर में नियुक्ति पत्र बांटने का प्रयास कर रही है।

बुलडोजर कार्रवाई पर भी रखी बात

बुलडोजर कार्रवाई का बचाव करते हुए योगी ने कहा कि यह न्याय का कोई नया फॉर्मूला नहीं, बल्कि त्वरित कार्रवाई का तरीका है। उन्होंने कहा कि माफिया और सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।

70 लाख दीपों से जगमगाई अयोध्या

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार अयोध्या में 70 लाख से अधिक दीप जलाए गए, जबकि राम की पैड़ी पर 36 लाख दीप प्रज्वलित हुए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में हुए बदलाव के बाद अब मथुरा-वृंदावन में भी विकास और परिवर्तन दिखाई देगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम भारत निर्वाचन आयोग की सूची में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और विदेशी घुसपैठियों के नाम हटाने के लिए चुनाव आयोग को ज्ञापन और साक्ष्य सौंपे गए हैं।

Related Articles

Back to top button