RSS को सांप्रदायिक नहीं मानते थे इब्राहिम, भागवत ने बताया क्या कहा था

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने संघ के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि 1930 के दशक में जब सेंट्रल प्रोविंस असेंबली में पहली बार संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश हुई थी, तब इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संगठन के समर्थन में आवाज उठाई थी। उस समय संघ का बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक आगे नहीं आया था, लेकिन इब्राहिम ने संघ को सांप्रदायिक मानने से इनकार किया था।

मोहन भागवत ने सोमवार (9 नवंबर) को नागपुर में नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में यह बात कही।

इब्राहिम ने क्यों किया था RSS का समर्थन?

आरएसएस प्रमुख ने बताया कि जब 1930 के दशक में संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई, तब इब्राहिम नाम के व्यक्ति ने कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह सांप्रदायिक संगठन नहीं है।

भागवत ने इब्राहिम के हवाले से बताया कि उन्होंने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को एक अच्छा इंसान बताया था। उनका तर्क था कि जब हेडगेवार सांप्रदायिक नहीं हैं तो संघ को भी सांप्रदायिक नहीं कहा जा सकता।

‘100 साल बाद भी स्वयंसेवक ही संघ की पहचान’

मोहन भागवत ने कहा कि जब संघ की शुरुआत हुई थी, तब संगठन के बारे में बहुत कम लोग जानते थे, लेकिन डॉ. हेडगेवार को लोग पहचानते थे। धीरे-धीरे स्वयंसेवक ही संघ की पहचान बन गए। उन्होंने कहा कि आज 100 साल बाद भी स्वयंसेवक ही संघ की असली पहचान हैं।

प्रचारकों के समर्पण पर क्या बोले भागवत?

आरएसएस प्रमुख ने प्रचारकों पर लिखी गई एक किताब का जिक्र करते हुए कहा कि उनके जीवन के बारे में कृतज्ञता और स्नेह के कारण लिखा जा रहा है, न कि किसी भौतिक लाभ के लिए। उन्होंने कहा कि एक प्रचारक के लिए संघ ही सब कुछ होता है और उसके जीवन में व्यक्तिगत लाभ की कोई अपेक्षा नहीं होती।

भागवत के मुताबिक, प्रचारकों के समर्पण और निष्ठा को केवल शब्दों में पूरी तरह बयां नहीं किया जा सकता, इसे उनके संपर्क में रहकर ही महसूस किया जा सकता है।

‘स्वयंसेवक का जीवन धारा के विपरीत तैरने जैसा’

मोहन भागवत ने स्वयंसेवक के जीवन को धारा के विपरीत तैरने जैसा बताया। उन्होंने कहा कि यह सिद्धांतों पर आधारित जीवन है, जिसमें स्वार्थ, अहंकार और व्यक्तिगत अपेक्षाओं की जगह नहीं होती। स्वयंसेवक के मन में केवल यही विचार रहता है कि वह समाज के लिए कितना अच्छा कर सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि हर स्वयंसेवक इस आदर्श पर पूरी तरह खरा नहीं उतरता, लेकिन सभी की दिशा और उद्देश्य एक ही होते हैं।

Related Articles

Back to top button