कैंसर की दवाओं पर बड़ी राहत, कुछ के दाम 96% तक घटे

कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 1,364 दवाओं की नई कीमतें 9 नवंबर से लागू हो गई हैं। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 137 कैंसर दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) पर दुकानदारों के मुनाफे की सीमा तय की है। इसके बाद कई दवाओं की कीमतों में बड़ी कटौती हुई है। कुछ दवाओं के दाम 96.45 फीसदी तक घटाए गए हैं।

रसायन और उर्वरक मंत्रालय के औषधि विभाग के तहत आने वाले NPPA ने यह फैसला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया है।

679 ब्रांड की दवाओं के दाम 50% से ज्यादा घटे

NPPA के मुताबिक, 8 नवंबर तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 उत्पादों की नई कीमतों की जानकारी दी थी। इनमें 679 ब्रांड की दवाओं के दाम 50 फीसदी से अधिक घटाए गए हैं। किसी एक दवा की कीमत में अधिकतम 96.45 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।

हर साल 3,540 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान

दवाओं की कीमतों में कटौती से कैंसर मरीजों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अनुमान है कि नई कीमतें लागू होने से उपभोक्ताओं को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होगी।

NPPA की इस पहल का उद्देश्य कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं को मरीजों के लिए अधिक किफायती बनाना और दवा बाजार में कीमतों पर नियंत्रण रखना है।

Related Articles

Back to top button