
वाराणसी में देव दीपावली को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से समय रहते व्यवस्थाएं पूरी करें।
20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव, 24 नवंबर को देव दीपावली
अधिकारियों के मुताबिक, इस वर्ष गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर किया जाएगा। चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री ने इन कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली मनाई जाएगी। इस दौरान काशी के सभी प्रमुख घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीपोत्सव में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीपक भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दीपोत्सव का आयोजन केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों में भी विशेष आयोजन किए जाएं।
लेजर शो, ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी होगा आकर्षण
देव दीपावली की शाम काशी में कई भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा, जबकि काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की जाएगी।
24 नवंबर को ही गुरु नानक जयंती भी है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत के लिए भी उचित इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
पहली बार गंगा में बनेगी टू-वे लेन, नावों के लिए नए नियम
पिछले वर्षों में गंगा में नावों की आवाजाही के दौरान हुई भीड़भाड़ को देखते हुए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर पहली बार टू-वे लेन सिस्टम तैयार किया गया है।
इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी, जबकि वापसी के लिए गंगा के सामने वाले रेतीले हिस्से की ओर अलग रास्ता निर्धारित किया गया है। नदी में डीजल से चलने वाली और गैर-जनपदीय बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। नाविकों को सुरक्षा और सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
10 जोन और 21 सेक्टरों में बंटेगा सुरक्षा घेरा
देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है।
सुरक्षा के लिए 27 वॉच टावर बनाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन कैमरों, क्यूआरटी, निजी गोताखोरों और जल पुलिस की मदद से निगरानी की जाएगी। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं की मदद के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे। पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से लगातार गश्त करेगी।
एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी और जल पुलिस की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। राहत एवं बचाव कार्य के लिए वॉटर एम्बुलेंस और चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन की व्यवस्था की जाएगी।
जाम से बचाने के लिए 7 डायवर्जन प्वाइंट, 31 पार्किंग स्थल
देव दीपावली के दौरान वाराणसी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। शहर में 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, मोबाइल शौचालय, पेयजल टैंकर और सफाईकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
14 अस्पतालों को जोड़कर बनेगा ग्रीन कॉरिडोर
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल अस्पताल समेत प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। अधिकारियों को 14 अस्पतालों की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि देव दीपावली की रात दीपदान समाप्त होते ही घाटों की सफाई शुरू कर दी जाए, ताकि अगले दिन सुबह कार्तिक पूर्णिमा का स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होटल, टैक्सी और रेस्टोरेंट संचालकों से श्रद्धालुओं को उचित कीमत पर सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि काशी आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु यहां से सुखद और यादगार अनुभव लेकर लौटें, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।



