
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता आसिम वकार ने इस गठबंधन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन की पूरी कमान पर्दे के पीछे से अमित शाह के हाथों में है। हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।
आसिम वकार ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में कुछ ऐसे नेता हैं, जो खुले तौर पर बीजेपी के साथ नजर नहीं आते, लेकिन पर्दे के पीछे उसके लिए काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मुकदमों और जेल जाने के डर से ऐसा कर रहे हैं, जबकि कुछ अपने आर्थिक हितों के लिए बीजेपी के साथ खड़े हैं।
‘अमित शाह के इशारे पर काम करेगा गठबंधन’
आसिम वकार ने दावा किया कि लखनऊ में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM के बीच हुए गठबंधन की कमान अमित शाह के हाथों में है। उन्होंने कहा कि गठबंधन किस दिशा में काम करेगा, यह अमित शाह तय करेंगे।
वकार ने लोगों से ऐसे राजनीतिक गठबंधनों को लेकर सतर्क रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि कुछ नेता रणनीतिक तरीके से लोगों को अपने प्रभाव में लेकर बीजेपी की सरकार दोबारा बनवाने में मदद कर सकते हैं।
‘जल्द करूंगा बड़े खुलासे’
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश और देश की राजनीति को लेकर जल्द ही कुछ बड़े खुलासे करेंगे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें पता है कि कौन-कौन लोग बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं।
वकार ने मुस्लिम, दलित और दूसरे वर्गों के लोगों से ऐसे नेताओं और गठबंधनों को लेकर सावधान रहने की अपील की।
2027 चुनाव से पहले नए गठबंधन की एंट्री
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के नाम से गठबंधन किया है। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने की बात कही है। इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।



