यूपी चुनाव से पहले CJP की एंट्री, 16 प्रभारियों की तैनाती

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बीजेपी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के साथ अब खुद को ‘पॉलिटिकल प्रेशर ग्रुप’ बताने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) भी सक्रिय हो गई है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश समेत देश के 10 राज्यों में अपने प्रभारियों की नियुक्ति की है। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उत्तर प्रदेश की हो रही है, जहां सीजेपी ने 16 प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

हालांकि, सीजेपी ने साफ कर दिया है कि उसका विधानसभा चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। पार्टी खुद को राजनीतिक दल के बजाय एक ‘पॉलिटिकल प्रेशर ग्रुप’ के रूप में स्थापित रखना चाहती है। उसका मकसद चुनाव लड़कर सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके अधूरे वादों और जनता से किए गए वादों की याद दिलाकर जवाबदेह बनाना है।

यूपी में CJP ने 16 प्रभारियों को सौंपी जिम्मेदारी

कॉकरोच जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए ‘उत्तर प्रदेश स्टेट को-ऑर्डिनेशन कमेटी’ का गठन किया है। इसके तहत 16 लोगों को प्रभारी बनाया गया है। नियुक्त किए गए प्रभारियों में आकाश भडाना, अनुज भडाना, दानिश रज़िक, धीरज पासवान, गजेंद्र सिंह, गजेंद्र गुज्जर, मधु किरन, प्रेमपाल सिंह, राहुल चौरसिया, साजिया खान, श्रीकांत, शुभम वर्मा, सुशोभित जयंत, तुरणी कुमार, उदयकांत और विकास चौरसिया शामिल हैं।

चुनाव से पहले इतनी बड़ी संख्या में प्रभारियों की नियुक्ति को संगठन के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि सीजेपी ने अन्य राज्यों के मुकाबले उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

उत्तराखंड में भी 6 प्रभारी नियुक्त

उत्तर प्रदेश के अलावा सीजेपी ने उत्तराखंड में भी अपनी सक्रियता बढ़ाई है। यहां छह प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें अंजली कांडपाल, जाह्नवी मेहरा, सक्षम जायसवाल, संयम देवली, शिवांशी बिस्वास और युवराज सिंह के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र और बिहार के साथ नॉर्थ ईस्ट जोन में भी प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।

कौन हैं CJP के मुख्य सदस्य?

कॉकरोच जनता पार्टी के तीन प्रमुख सदस्य अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास हैं। संगठन ने स्पष्ट किया है कि उसका फिलहाल या भविष्य में राजनीतिक पार्टी बनने का कोई इरादा नहीं है। इसके सदस्य भी सक्रिय चुनावी राजनीति में उतरने की बात से इनकार कर चुके हैं।

सीजेपी का कहना है कि वह एक प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगी। इसका उद्देश्य नेताओं और जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराना और चुनाव के दौरान किए गए वादों पर उनसे जवाब मांगना है। ऐसे में 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सीजेपी की संगठनात्मक सक्रियता चर्चा का विषय बन गई है।

Related Articles

Back to top button