
Azam Khan Bail News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। गुरुवार को शीर्ष अदालत ने ED की याचिका का निपटारा करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट के अंतरिम जमानत के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। इससे आजम खान की अंतरिम जमानत बरकरार रहेगी।
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश अंतरिम है, इसलिए इस स्तर पर सुप्रीम कोर्ट इसमें दखल नहीं देना चाहता। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट की टिप्पणियां प्रथम दृष्टया हैं और मनी लॉन्ड्रिंग मामले के अंतिम फैसले पर उनका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
ED ने हाईकोर्ट के आदेश पर उठाए थे सवाल
सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) एसवी राजू पेश हुए। उन्होंने हाईकोर्ट के आदेश में गिरफ्तारी के आधार उपलब्ध कराने से जुड़े तथ्यों पर सवाल उठाए।
ED की ओर से दलील दी गई कि आजम खान को गिरफ्तारी के आधार उपलब्ध कराए गए थे, जबकि हाईकोर्ट के आदेश में इसके विपरीत तथ्य दर्ज किए गए हैं। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसने तथ्यों को गलत तरीके से दर्ज किए जाने के संबंध में ASG की दलीलों पर ध्यान दिया है। हालांकि, अदालत ने अंतरिम जमानत के आदेश में हस्तक्षेप नहीं किया और याचिका का निपटारा कर दिया।
17 नवंबर को हाईकोर्ट ने दी थी अंतरिम जमानत
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को अंतरिम जमानत दी थी। हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना था कि उनकी गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) की धारा 19 के तहत जरूरी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन नहीं किया गया।
अदालत ने गिरफ्तारी की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए थे। इसी आदेश को प्रवर्तन निदेशालय ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
31 अक्टूबर को जेल से बाहर आए थे आजम खान
आजम खान 31 अक्टूबर को एक दूसरे मामले में जमानत मिलने के बाद रामपुर जेल से बाहर आए थे। हालांकि, जेल से बाहर आने के तुरंत बाद प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया था।
अब सुप्रीम कोर्ट ने ED की चुनौती पर हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है। ऐसे में हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत का आदेश फिलहाल प्रभावी रहेगा।



