
राजस्थान में पंचायत चुनाव की मतगणना के बीच शुरुआती नतीजों में जयपुर में कांग्रेस बढ़त बनाती नजर आ रही है. वहीं, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) को शुरुआती रुझानों में झटका लगा है. जिला परिषद की 57 सीटों में से शुरुआती सात सीटों के नतीजे घोषित किए गए हैं. इनमें कांग्रेस ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बीजेपी को सिर्फ एक सीट मिली है. असदुद्दीन ओवैसी और हनुमान बेनीवाल के गठबंधन ने भी एक सीट पर जीत हासिल की है.
पंचायत समितियों की मतगणना में भी कांग्रेस आगे है. शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं बीजेपी और ओवैसी-हनुमान बेनीवाल गठबंधन को 16-16 सीटें मिली हैं. मतगणना जारी है और अभी कई सीटों के नतीजे आने बाकी हैं.
भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में RLP आगे
जयपुर की नौ पंचायत समितियों में अभी तक बीजेपी का खाता नहीं खुलने की जानकारी सामने आई है. बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं मौजूदा जिला परिषद अध्यक्ष रमा चोपड़ा को भी हार का सामना करना पड़ा है.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में भी बीजेपी को चुनौती मिली है. यहां हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है. बीजेपी को दो और कांग्रेस को एक सीट मिली है. इस तरह सांगानेर में RLP सबसे आगे रही है.
राजस्थान में पंचायत समिति के रुझानों में कांग्रेस को बढ़त
प्रदेश की 419 पंचायत समितियों में से 201 के रुझान सामने आए हैं. इनमें कांग्रेस 102 पंचायत समितियों में आगे बताई जा रही है. बीजेपी को 71 समितियों में बढ़त मिली है, जबकि निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार 28 जगहों पर आगे हैं.
वहीं, जिला परिषद चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला जारी है. प्रदेश के 37 जिलों में मतगणना हो रही है. शुरुआती नतीजों में जयपुर के समीकरणों ने राजनीतिक दलों का ध्यान खींचा है.



