नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान 23 नवंबर को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली भारत यात्रा होगी। इस दौरे को भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के प्रधानमंत्री द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को इस दौरे की आधिकारिक जानकारी दी।
34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आएंगे बालेंद्र शाह
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने काठमांडू में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बालेंद्र शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से नई दिल्ली पहुंचेंगे। उनके साथ 34 सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी होगा।
इस प्रतिनिधिमंडल में नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यान्जनकर शामिल होंगे।
PM मोदी देंगे आधिकारिक भोज
23 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी। इसके बाद दोनों नेता संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज का आयोजन भी करेंगे।
अपने दौरे के दौरान बालेंद्र शाह विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। वह 23 नवंबर की शाम काठमांडू लौट जाएंगे।
भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति में नेपाल अहम
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन, विकास साझेदारी और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग जारी है। हाल के वर्षों में स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति में नेपाल को विशेष महत्व दिया जाता है। ऐसे में बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने के अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।