
75वें मिस यूनिवर्स 2026 का ग्रैंड फिनाले 24 नवंबर को प्यूर्टो रिको में आयोजित किया गया। भारत में इसका प्रसारण 25 नवंबर की सुबह 5:30 बजे हुआ। इस बार प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया। प्रतियोगिता में 116 देशों और क्षेत्रों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया था। भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश की प्रतिभागियों पर भी सबकी नजरें थीं।
भारत की ओर से केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और टॉप 30 तक पहुंचने में कामयाब रहीं। हालांकि, वह आगे का सफर तय नहीं कर सकीं। दूसरी ओर, पाकिस्तान की मिस्बाह अरशद और बांग्लादेश की समीरा खान माही टॉप 30 में भी जगह नहीं बना पाईं।
टॉप 30 में जगह नहीं बना पाईं पाकिस्तान की मिस्बाह
मिस यूनिवर्स पाकिस्तान मिस्बाह अरशद का सफर टॉप 30 से पहले ही खत्म हो गया। वह इस राउंड के लिए चयनित नहीं हो सकीं। उनके प्रतियोगिता से बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए उनके प्रदर्शन की सराहना की गई।
पोस्ट में कहा गया कि मिस्बाह ने पूरे सफर के दौरान गर्व, हिम्मत और शालीनता के साथ पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया। भले ही वह मिस यूनिवर्स का खिताब नहीं जीत पाईं, लेकिन प्रतियोगिता में उनकी भागीदारी चर्चा में रही।
मिस्बाह ने इस प्रतियोगिता में एक खास उपलब्धि भी हासिल की। वह मिस यूनिवर्स के मंच पर टू-पीस स्विमसूट पहनने वाली पाकिस्तान की पहली प्रतिनिधि बनीं।
बांग्लादेश की समीरा खान माही भी हुईं बाहर
बांग्लादेश की ओर से समीरा खान माही ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, लेकिन वह भी टॉप 30 में जगह नहीं बना सकीं। उनके लिए पीपल्स चॉइस वोट के जरिए सीधे टॉप 30 में पहुंचने का मौका भी था।
ग्रैंड फिनाले शुरू होने से करीब एक घंटे पहले तक समीरा पब्लिक वोटिंग में सबसे आगे चल रही थीं। हालांकि, वह अपनी बढ़त बरकरार नहीं रख पाईं। आखिरकार इक्वाडोर की डालिया बुकारम ने पीपल्स चॉइस वोट जीत लिया और सीधे सेमीफाइनल में जगह बना ली।
भारत की काजिया लिज मेजो ने बनाई टॉप 30 में जगह
भारत की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने मिस यूनिवर्स 2026 में देश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप 30 में जगह बनाई, लेकिन इसके आगे नहीं बढ़ पाईं। हालांकि, खिताब जीतने से चूकने के बावजूद इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर टॉप 30 तक पहुंचना उनके लिए अहम उपलब्धि रही।



