आरक्षण आर्थिक आधार पर मिले? ओपी राजभर

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मौजूदा आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की वकालत की है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ आर्थिक आधार पर दिया जाना चाहिए। यूजीसी से जुड़े सवाल पर राजभर ने पूछा कि जो व्यक्ति आरक्षण का लाभ लेकर उच्च पद तक पहुंच चुका है, उसे दोबारा इसका लाभ क्यों मिलना चाहिए?

राजभर ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का उद्देश्य था कि आरक्षण का वास्तविक लाभ पिछड़े और वंचित लोगों तक पहुंचे।

403 सीटों पर तैयारी, 13 सीटें जीतने का लक्ष्य

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजभर ने कहा कि गठबंधन नेतृत्व की ओर से अभी सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए नहीं बुलाया गया है। जब बुलाया जाएगा, तब वह अपनी बात रखेंगे।

उन्होंने कहा कि सुभासपा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है और गठबंधन की सभी पार्टियां अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में काम कर रही हैं। पार्टी का लक्ष्य 13 सीटें जीतकर मान्यता प्राप्त दल बनना है। राजभर ने कहा कि 20 सीटें मिलती हैं तो भी ठीक है और नहीं मिलती हैं तो भी पार्टी चुनाव की तैयारी जारी रखेगी।

अतरौलिया सीट पर फैसला गठबंधन नेतृत्व करेगा

निषाद पार्टी के साथ सीटों को लेकर किसी विवाद से इनकार करते हुए राजभर ने कहा कि दोनों दलों के बीच कोई लड़ाई नहीं है। अतरौलिया सीट पर सुभासपा और निषाद पार्टी, दोनों का दावा है, लेकिन अंतिम फैसला गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने नितिन नवीन और अमित शाह का नाम लेते हुए कहा कि निर्णय नेतृत्व स्तर पर होगा।

राजभर ने दावा किया कि आजमगढ़ की सभी दस सीटों पर सुभासपा ने सभी जातियों के बीच अपनी राजनीतिक जमीन तैयार की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नितिन नवीन के नेतृत्व में बड़ी रैली होगी, लेकिन किसी को शक्ति प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं है।

सपा से फिर गठबंधन नहीं करने का दावा

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि सपा जिस सूची को लेकर सवाल उठा रही है, वह 2022 में सुभासपा की ओर से दी गई थी। उन्होंने कहा कि सपा ने पहले गठबंधन तोड़ा था और सुभासपा ने उसके फैसले को स्वीकार किया था।

अखिलेश यादव के साथ तल्खी पर राजभर ने कहा कि गठबंधन टूटने के बाद नाराजगी स्वाभाविक है। उन्होंने दावा किया कि अब इस जन्म में सपा के साथ गठबंधन नहीं होने वाला।

कांग्रेस-सपा की सीटों की घोषणा पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस और सपा की गठबंधन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राजभर ने कहा कि दोनों दलों को अपनी-अपनी सूची शीर्ष नेतृत्व के सामने रखनी चाहिए थी और सहयोगी दलों को विश्वास में लेना चाहिए था।

इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि पांच सीटों का ऐलान उनके मुंह पर तमाचे जैसा है। उन्होंने दावा किया कि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन की चर्चा से घबराकर सपा ने यह कदम उठाया।

Related Articles

Back to top button