Uttarakhand: धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून में अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि बीजेपी राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी घोषणापत्र में किए गए ज्यादातर वादे पूरे कर लिए गए हैं।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में चुनाव के बाद सरकार बदलने की परिपाटी को जनता ने तोड़ दिया है। प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार बीजेपी की सरकार बनाकर इस मिथक को खत्म किया।

36 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर कहा कि उनकी सरकार ने अब तक करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने दावा किया कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई और नियुक्तियां योग्यता के आधार पर हुईं।

सीएम ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू किया। इसके तहत संगठित नकल के गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं और नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

विद्यार्थियों को 2 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति

सीएम धामी ने शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया।

उन्होंने बताया कि 140 विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं के बाद करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 2 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। वहीं, 11 हजार विद्यार्थियों को NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई गई।

इसके अलावा 10वीं, 12वीं और स्नातक के विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है।

महिलाओं के लिए 30 फीसदी आरक्षण और आर्थिक सहायता

महिला सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।

उन्होंने बताया कि बहिनी-बोई योजना के तहत करीब 5.5 लाख महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं की पढ़ाई पूरी करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

इसके साथ ही मां और नवजात शिशु की देखभाल के लिए जरूरी सामग्री वाली किट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

कोरोना महामारी में अनाथ बच्चों के लिए वात्सल्य योजना

सीएम धामी ने कोरोना महामारी के दौरान सरकार की ओर से किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय हर परिवार के सामने इलाज और रोजी-रोटी का संकट था।

उन्होंने कहा कि महामारी में माता-पिता को खोने वाले बच्चों को सहारा देने के लिए सरकार वात्सल्य योजना लेकर आई। इसके जरिए अनाथ हुए बच्चों की देखभाल और सहायता की व्यवस्था की गई।

गांवों से पलायन रोकने के लिए उठाए कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गांवों से पलायन रोकने और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के तहत 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है। गांव लौटने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

इसके अलावा PM स्वनिधि योजना के तहत 33 हजार रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

सीमावर्ती गांवों को लेकर सरकार का संकल्प

सीएम धामी ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सीमांत गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार ने माणा गांव को देश का अंतिम नहीं, बल्कि पहला गांव बनाने का संकल्प लिया है।

उन्होंने बताया कि माणा, मुखवा, गुंजी और आदि कैलाश जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा सहित पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष औद्योगिक पार्क बनाने के लिए भूमि का चयन किया गया है।

किसानों की आमदनी बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए स्थानीय उत्पादों की खरीद और बिक्री को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मंडुवा का समर्थन मूल्य 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। इसके अलावा मंडुवा, झंगोरा और लाल चावल को GI टैग से पहचान मिली है।

सीएम धामी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विधवा, दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय कार्डधारकों को हर साल तीन गैस सिलेंडर मुफ्त रिफिल की सुविधा दी जा रही है और गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 60 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया है।

Related Articles

Back to top button