कानपुर। गौरक्षा का मुद्दा उछालकर भाजपा जनता का ध्यान भटका रही है जिससे सरकार के कामकाज की खामियों पर पर्दा डाला जा सके। लेकिन जनता सब जान चुकी है, ऐसे में गौरक्षा के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेकना बंद करे। यह कहना है कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजाराम पाल का। उन्होंने कहा
कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने जनता से बड़े-बड़े वादे किया था। दो साल पूरे होने के बाद केन्द्र सरकार ऐसा कोई काम नहीं किया कि जिससे जनता का विश्वास जीता जा सके। जिसके चलते जनता का ध्यान भटकाने के लिए कभी अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। तो कभी गौरक्षा के नाम पर दलितों की पिटाई की जा रही है। आगे कहा कि भाजपाई यह बताएं कि अपने-अपने घरों में कितनी गायें पाले हुए है और गाय की सेवा के लिए कितने घंटे का समय देते है।पाल ने कहा कि एसी गाड़ी में चलने वाले गौरक्षा की दुहाई दे रहे हैं जबकि हकीकत यह है कि इनको गाय के गोबर के पास खड़ा कर दिया जाय तो शायद ही कुछ मिनट रूक सके। उन्होंने कहा गौरक्षा की दुहाई वही दे सकता है जिसके घर में गाय पाली जा रही हो और वह स्वयं सेवा करता हो। दो साल से लगातार जनता को दिगभ्रमित किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव को देख एक बार फिर गौरक्षा के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए भाजपा आतुर है। लेकिन अब इनकी दाल नहीं गलने वाली है। जनता चुनाव में इन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal