नदी में नहाने गईं दो सगी बहनें बहाव में बही,एक को ग्रामीण ने बचाया,दूसरी की तलाश जारी|

हरदोई | हरदोई कछौना थाना क्षेत्र में समसपुर पुल के समीप नदी में नहाने गईं दो सगी बहनें अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गईं। दोनों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर पास के खेत में धान की रोपाई कर रहे युवक सुनील राठौर ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी और साहस का परिचय देते हुए एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि दूसरी बहन गहरे पानी में लापता हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समसपुर गांव निवासी कन्हैयालाल की बेटियां शिवानी और 12 वर्षीय शिवांशी नदी में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव में फंस गईं। सुनील राठौर ने अपनी जान जोखिम में डालकर शिवानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन शिवांशी नदी की गहराई में लापता हो गई। बताया जा रहा है कि शिवांशी लखनऊ में कक्षा 3 की छात्रा थी।

बताया गया है कि परिवार पहले से ही दुखों का सामना कर रहा है। करीब दस वर्ष पूर्व बच्चों की मां अनूपा का निधन हो चुका है। परिवार में एक बेटा प्रियांशु और एक विवाहित बेटी शारदा भी हैं। बेटी के लापता होने के बाद पिता कन्हैयालाल का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है,जबकि एसडीआरएफ को भी सूचना देकर अलर्ट किया गया है। समसपुर पुल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई है और सभी की निगाहें राहत एवं बचाव अभियान पर टिकी हैं। वहीं, एक बच्ची की जान बचाने वाले सुनील राठौर के साहसिक प्रयास की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Related Articles

Back to top button