
कसया, कुशीनगर। बुद्ध स्थली स्थित नेशनल हाईवे 28 पर पुलिस चौकी कुशीनगर के समीप ट्रक और पीकप वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें पीकप वाहन पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आवागमन करीब एक घंटा के लिए बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम चार बजे गोरखपुर से पेंट लदकर गोरखपुर निवासी श्रीकांत निषाद पुत्र राजमन (40 वर्ष) टाटा मैजिक वाहन लेकर तमकुहीराज जा रहा था जैसे ही वह कुशीनगर पुलिस चौकी के समीप पहुंचा कि रूट डायवर्जन की वजह से इसी लेने दक्षिणी लेन से बिहार की ओर से आ रहे ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर होते ही पीकप पलट गया और उसका चालक दब गया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। घटना को देख तत्काल चौकी इंचार्ज सुजीत पांडेय अपने हमराहियों मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया भिजवाया। जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर ट्रक चालक स्थानीय लोगों के रोकने का बावजूद फरार हो गया। इससे कई लोग बाल बाल बचे। हाईवे पर बने ओवर ब्रिज की मरम्मत की वजह से उत्तरी लेन बंद होने के चलते दोनों लेन की गाड़िया रूट डायवर्जन की वजह से दक्षिणी लेन में आ जा रही हैं। जिसकी वजह से काफी भीड़ हो गया।



