
कसया | कुशीनगर मुख्यमंत्री के जनपद आगमन के दौरान टेकुआटार में कुशीनगर एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शनिवार को कसया में आयोजित कांग्रेस के प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रविन्द्र कुमार विश्वकर्मा ‘राधे’ ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट के संचालन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि उड़ान सेवा शुरू नहीं की जाती है तो किसानों की अधिग्रहित भूमि वापस की जाए। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू, जिलाध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थानीय थाने पहुंचाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र उड़ान सेवा शुरू करने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष स्वामीनाथ यादव, अरुण कुमार चौबे, लालचंद प्रसाद, परवेज उर्फ आर्यन, शामिन खान, शमशेर, नजीर अहमद, शिवाजी निषाद, प्रियेश, छोटेलाल भारती, प्रवीण सिंह, सैफ पठान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का पूर्ण संचालन क्षेत्र के विकास, पर्यटन और रोजगार के लिए आवश्यक है तथा सरकार को इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए।



