कुशीनगर से न उड़ी प्लेन, न आई रेल और न चली चीनी मिल: अजय कुमार लल्लू

वादों को दिला रहे याद, सड़क से सदन तक जनता के लिए लड़ रही कांग्रेस

कसया, कुशीनगर। भाजपा की मोदी और योगी सरकार जन विरोधी सरकार है। जुमलों और वादों में कोई कमी नहीं है। इन्होंने जो वादा किया वह पूरा नहीं किया। कुशीनगर में न प्लेन उड़ी, न रेल आई  और न ही पडरौना की चीनी मिल चली। उल्टे कई मिले बंद हो गई।

यह बातें कसया नगर स्थित डाक बंगले में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कही। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नियमित संचालन को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार एयरपोर्ट का संचालन नहीं करा सकती तो किसानों की अधिग्रहित उपजाऊ जमीन वापस करे।

लल्लू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें अमेरिका, इजरायल, ईरान और रूस से जुड़े हालात तथा नए विमानों की कमी को एयरपोर्ट संचालन में बाधा बताया गया था। उन्होंने कहा कि यदि विमानों की कमी है तो गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए नियमित उड़ानें कैसे संचालित हो रही हैं। उनका कहना था कि सरकार चाहे तो इंडिगो और आकाश जैसी विमानन कंपनियों की उड़ानें तत्काल कुशीनगर से शुरू करा सकती है। उन्होंने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट अयोध्या और जेवर एयरपोर्ट से पहले बन चुका है, लेकिन आज भी यहां नियमित उड़ानें शुरू नहीं हो सकी हैं। भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली होने के कारण यहां बड़ी संख्या में विदेशी बौद्ध श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, लेकिन उन्हें दूसरे हवाई अड्डों का सहारा लेना पड़ता है। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार प्रभावित हो रहे हैं।

लल्लू ने जिले के सांसदों और विधायकों पर भी एयरपोर्ट संचालन के मुद्दे पर प्रभावी पहल न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की मंशा एयरपोर्ट चलाने की नहीं थी तो किसानों की जमीन का अधिग्रहण क्यों किया गया। साथ ही तमकुहीराज और टेकुआटार में घोषित विकास परियोजनाओं की सूची सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पडरौना और कठकुईया चीनी मिलों को शुरू कराने के वादे की याद दिलाते हुए कहा कि आज तक दोनों मिलें चालू नहीं हुईं, जबकि कप्तानगंज चीनी मिल भी बंद हो गई। बड़ी रेल लाइन बनने के बावजूद लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों का संचालन शुरू न होने को भी उन्होंने सरकार की विफलता बताया।

राम मंदिर के सवाल पर उन्होंने प्रश्न पूछे और कहा कि  चढ़ावा चोरी का प्रभु श्रीराम ने  हो खुलासा कर दिया। आगे कहा कि योगी सिर्फ गोरखपुर के मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं। उन्हें समस्याएं नहीं दिखती केवल लोकार्पण और उद्घाटन  करना आता है। उन्होंने सांसदों और विधायकों पर भी निशाना साधा कहा कि सदन में सोने जाते हैं। कहा कि वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा ‘राधे’ ने इन मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा की कांग्रेस कुशीनगर एयरपोर्ट के नियमित संचालन और जिले के विकास के मुद्दों पर जनता की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।

Related Articles

Back to top button