शराब के नशे में धुत बेटे ने मॉं को उतारा मौत के घाट

शराब पीने से मना करने पर गुस्से में आकर बूढ़ी मां के सिर पर मारा डंडा

सीतापुर| जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शराबी बेटे ने अपनी मां को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। हत्या की यह वारदात महज मां द्वारा बेटे को शराब पीने से मना करने पर अंजाम दी गई। घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस क आला अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेनियापुर निवासी सावित्री देवी ( 65 ) पत्नी स्वर्गीय लालजी अपने इकलौते बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं। ग्रामीणों के अनुसार त्रिभुवन शराब पीने का आदी था। वह कोई काम-धंधा नहीं करता था और दिन-भर नशे में धुत रहता था। घर के खर्च और शराब की लत को लेकर आए दिन उसका अपनी मां से विवाद होता रहता था। वह अक्सर शराब के नशे में अपनी बुजुर्ग मां के साथ मारपीट भी करता था।

शनिवार रात त्रिभुवन शराब के नशे में धुत होकर घर पहुँचा। जब मां सावित्री देवी ने उसे हमेशा की तरह शराब पीने से मना किया और समझाने की कोशिश की तो त्रिभुवन आगबबूला होकर घर में रखे एक भारी डंडे से मां के सिर व शरीर पर ताबा तोड़ प्रहार करने लगा। मां ने जोर जोर से चिल्लाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। जब तक ग्रामीण व पड़ोसी मौके पर पहुंचते तब तक घायल ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गये। ग्राम प्रधान की सूचना पर थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस की सूचना पर फोरेंसिक टीम व पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस वीभत्स हत्याकांड के बाद से पूरे बेनियापुर गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नशे की लत ने एक बेटे को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने उस मां की ही जान ले ली जिसने उसे जन्म दिया था।

वहीं एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विधिक कार्यवाहीं की जा रही है। लोगों के अनुसार बेटे ने शराब के नशे में घटना को अंजाम दिया है।

Related Articles

Back to top button