
रामकोला (कुशीनगर)। रामकोला स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने निर्धारित आठ घंटे से अधिक ड्यूटी कराए जाने पर आपत्ति जताई है। कर्मचारियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि यदि विभागीय आवश्यकता के कारण अतिरिक्त समय तक कार्य लिया जाता है तो उसके लिए सक्षम अधिकारी का लिखित आदेश जारी किया जाए। सोमवार को दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि उपस्थिति प्रणाली के अनुसार उनकी प्रतिदिन आठ घंटे तथा माह में 26 दिन ड्यूटी निर्धारित है। उन्होंने कहा कि विशेष परिस्थितियों में यदि अतिरिक्त कार्य लेना आवश्यक हो तो विभागीय नियमों के अनुरूप पहले सक्षम अधिकारी द्वारा लिखित आदेश जारी किया जाना चाहिए। कर्मचारियों का कहना है कि बिना किसी लिखित आदेश के निर्धारित कार्य अवधि से अधिक समय तक ड्यूटी कराना नियमों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे विभागीय नियमों का पालन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अतिरिक्त ड्यूटी केवल सक्षम अधिकारी के लिखित आदेश के आधार पर ही करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में आदित्य, अफ़ज़ल, अरिफ़ शेख, फखरुद्दीन अंसारी, श्यामसुंदर चौधरी, उमेश बंजारा, रमजान गुल, शुभम गोंड, हसरुद्दीन अंसारी, राजेश शर्मा, उमाशंकर चौधरी, अनवर, नंदलाल वर्मा, धनराज सहित कुल 16 आउटसोर्स कर्मचारी शामिल रहे।



