उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने किया डॉ. संपूर्णानंद शोध छात्रावास का लोकार्पण

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार योगेन्द्र उपाध्याय ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. संपूर्णानंद शोध छात्रावास के जीर्णोद्धार के बाद लोकार्पण किया। उच्च शिक्षा मंत्री ने फीता काटकर छात्रावास का लोकार्पण किया और भवन की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कमरों, अध्ययन कक्ष, मेस, सुरक्षा व्यवस्था आदि का निरीक्षण किया। इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि डॉ. संपूर्णानंद जी शिक्षा और प्रशासन दोनों के आदर्श थे। उनके नाम पर बने इस छात्रावास से काशी की विद्वत परंपरा को नई ऊर्जा मिलेगी। प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा में शोध और नवाचार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि शोधार्थी राष्ट्र-निर्माण के आधार स्तंभ हैं। यहां रहकर वे न केवल शोध करें, बल्कि ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प में अपना योगदान भी दें।

इससे पहले काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी, कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय एवं मुख्य गृहपति डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने उच्च शिक्षा मंत्री को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मुख्य गृहपति ने बताया कि डॉ. संपूर्णानंद शोध छात्रावास में कुल 50 कक्ष हैं, जिसमें शोधार्थियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस अवसर पर कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, प्रभारी अभियंत्रण विभाग प्रो. राकेश तिवारी, सम्पत्ति अधिकारी डॉ. एस.एन. सिंह आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button